समारोह की चकाचौंध बिना नारी रत्न सम्मान प्रदान किया
बिजनौर (धामपुर)/मंदसौर। न भारी-भरकम मंच न कैमरे और महिला दिवस की चिलचिलाती दोपहर में कुल मिला तीन-चार लोग फोन पर दी गई छोटी सी सूचना के आधार पर इकट्ठे होकर पहुंचते हैं नारी रत्न सम्मान प्रदान करने हेतु । जिसका सम्मान होना था उसे भी नहीं पता था कि हम वहां क्यों आए जब आगंतुकों ने अपना आने का मकसद बताया तो वह भावविभोर हो उठी जैसे उसके कठिन परिश्रम पर किसी ने सम्मान की मुहर लगा दी हो ।
जी हां आप बिल्कुल सही पढ़ रहे हैं, पर्यावरण को समर्पित समाज सेविका श्रीमती चन्दा डांगी अपने सहयोगियों श्रीमती स्वाति रिछावरा, नन्द किशोर राठोर एवं अजय डांगी के साथ हंगामा लोक सामाजिक, साहित्य समिति बिजनौर धामपुर द्वारा प्रदत्त नारी रत्न सम्मान 2026 को प्रदान करने नगर के पांच सौ क्वार्टर स्थित प्रीति कुमावत के निवास पर पहुंचे।
प्रीति कुमावत अपने दम-खम पर अथक परिश्रम करके स्वरोजगार के माध्यम से अपना और अपनी बेटी का पालन-पोषण कर रही है। उनका कार्य क्षेत्र स्वनिर्मित बड़ी,पापड़ियां फेरी लगाकर विक्रय करने के साथ मोबाईल ब्यूटी पार्लर तक फैला हुआ है,वे स्थानीय स्तर पर कई फिल्मों में सशक्त अभिनय करके अपनी पहचान बना चुकी है। इसके अलावा पंछी बचाओ अभियान एवं पशु सेवा संस्थान में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। कीचड़ में कमल कैसे खिलता है इस उक्ति को चरितार्थ करते हुए उनकी बेटी ज्योति बाधा दौड़ और साधारण दौड़ में दो बार राष्ट्रीय स्तर पर नगर का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। सीमित साधनों के बावजूद अपनी गरिमा बनाए रखकर अपनी बेटी को उच्च शिक्षित करने का प्रण सफलता पूर्वक पूरा करके बताना कोई साधारण बात नहीं कही जा सकती यही कारण है कि श्रीमती चन्दा डांगी जो कि हंगामा लोक सामाजिक साहित्य समिति बिजनौर धामपुर मध्यप्रदेश की संयोजिका है ने उनका नाम उक्त संस्था को प्रस्तावित किया जिसे समिति की संस्थापिका राखी कौशिक, उपासना कौशिक व समिति के संरक्षक डॉ जितेंद्र कौशिक ने अनुमोदित किया तथा इसके फलस्वरूप प्रीति कुमावत को महिला दिवस के उपलक्ष्य में यह सम्मान प्रदान किया गया।
.jpg)
