ad

इको क्लब द्वारा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम, छात्राओं ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ


 

इको क्लब द्वारा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम, छात्राओं ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ

 सिवनी मालवा । शासकीय कन्या महाविद्यालय, सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम में इको क्लब के अंतर्गत आयोजित विभिन्न पर्यावरणीय गतिविधियों के प्रतिभागियों को सम्मानित करने हेतु महाविद्यालय में पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इको क्लब के अंतर्गत आयोजित ग्रीन गणेश जागरूकता अभियान, विश्व ओजोन दिवस पर रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता, सतत जीवन शैली पर पोस्टर प्रतियोगिता, “वेस्ट टू वेल्थ” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला तथा “मिलेट्स व्यंजन मेला” में भाग लेने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानव जीवन की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में इको क्लब के माध्यम से समय-समय पर आयोजित की जाने वाली गतिविधियाँ छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी तथा सकारात्मक सोच विकसित करती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में भी पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाएँ तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाएँ।

इको क्लब प्रभारी डॉ. सतीश बालापुरे ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इको क्लब के माध्यम से महाविद्यालय में विभिन्न पर्यावरणीय विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएँ तथा कार्यशालाएँ आयोजित की जाती हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जैव विविधता के महत्व तथा सतत जीवन शैली के प्रति प्रेरित किया जाता है।

इको क्लब सह-प्रभारी डॉ. रजनीकांत वर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक विषय नहीं बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास करे, जैसे वृक्षारोपण, प्लास्टिक का कम उपयोग, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग, तो हम पर्यावरण को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने छात्राओं को इको क्लब की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान समस्त स्टाफ एवं इको क्लब की छात्राओं द्वारा पर्यावरण के लिए सतत जीवन शैली अपनाने हेतु शपथ भी ली गई। मंच संचालन डॉ. मनीष दीक्षित ने किया। इस अवसर पर प्राध्यापक श्री मनोज कुमार प्रजापति, डॉ. आकांक्षा पांडे, डॉ. गजेंद्र वाईकर, डॉ. पदम शर्मा, डॉ. राकेश नीरापुरे, डॉ. नीरज विश्वकर्मा, प्रवीण साहू, डॉ. दुर्गा मीणा, डॉ. सीमा तोमर, डॉ. प्रतिभा साहू, डॉ. सरिता नागवंशी, डॉ.रीमा नागवंशी, श्रीमती विमला कदम, सुदर्शना राज तथा इको क्लब इकाई की समस्त छात्राएं उपस्थित रहीं।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post