कन्या प्राथमिक विद्यालय पवा में प्रवेशोत्सव के साथ कक्षा-5 के बच्चों को दी विदाई
निपुण भारत मिशन के अंतर्गत दो दिवसीय नवारम्भ कार्यक्रम में उमड़ा उत्साह
ललितपुर। नए शैक्षिक सत्र के शुभारम्भ पर विकासखंड तालबेहटअंतर्गत आदर्श ग्राम पवा के कन्या प्राथमिक विद्यालय में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत दो दिवसीय नवारम्भ, प्रवेशोत्सव एवं कक्षा -5 के बच्चों का विदाई समारोह बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, गुब्बारों और स्वागत बैनरों से आकर्षक रूप दिया गया। स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जन जागरूकता रैली निकाली गयी। बच्चों को अंक पत्र प्रदान किये गये एवं विशिष्ट स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर विद्यालय के स्टाफ ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया एवं पुष्प भेंट किये। विद्यालय में प्रवेश लेने वाले छात्रों का माल्यार्पण कर मिठाई खिलाकर स्वागत किया। साथ ही बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं शैक्षिक सामग्री वितरित की गई। ग्राम प्रधान मालती यादव ने विभाग द्वारा विद्यालय को निपुण घोषित किये जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यालय स्टाफ को बधाई दी। सहा.अ. सहिया ने अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं—मिड-डे मील, निःशुल्क पुस्तकें, यूनिफॉर्म, स्वेटर, स्कूल बैग एवं जूते-मोज़े हेतु प्रदान की जाने वाली धनराशि की जानकारी दी और अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, कविता पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। सहायक अध्यापक कामिनी विश्वकर्मा ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, स्वच्छता बनाए रखने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। अंत में इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शोभना सिंह ने कहा कि प्रवेशोत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना है और विद्यालय परिवार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। बुंदेलखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय सह प्रवक्ता विशाल जैन पवा ने नए सत्र की सफल शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम में ग्राम रोजगार सेवक महेंद्र यादव, शोभना सिंह, साहिया, कामिनी विश्वकर्मा, अंचल राजा, रश्मि बुंदेला, सुनीता झा, रूबी सेन सहित अभिभावकगण तथा ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन शिक्षामित्र अंचल राजा एवं आभार व्यक्त शिक्षामित्र रश्मि बुंदेला ने किया।
.jpg)
