विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर जागरूकता, जाँच व चिकित्सा शिविर आयोजित
वाराणसी । विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर मांँ गंगा के तट पर रविदास घाट पर खुला आसमान संस्था द्वारा जागरूकता, जाँच व चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में किशोरियों एवं महिलाओं ने सहभागिता किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजेश कुमार सिंह प्रदेश सचिव लघु उद्योग भारती उत्तर प्रदेश ने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी व आर्थिक रूप से स्वावलंबी होगी तभी वह मासिक धर्म में उपयोग होने वाले संसाधनों का उचित प्रबंधन करने में सक्षम होंगीं। श्री अशोक कुमार असिस्टेंट कमिश्नर (इंडस्ट्री) उद्योग विभाग ने सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक स्वालंबन के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ अर्चना सिंह मेडिकल ऑफिसर एआरटीसी, एसएस हॉस्पिटल, आईएमएस, बीएचयू ने बताया कि मासिक धर्म के समय स्वच्छता रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है माताओं को चाहिए वे स्वयं स्वच्छता का ध्यान रखें और बेटियों को भी इसके लिए प्रेरित करें और थोड़ा बचत कर सेनेटरी पैड का प्रबंध करें। उन्होंने मासिक धर्म स्वच्छता पर विस्तार से चर्चा किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ मनोज कुमार तिवारी वरिष्ठ परामर्दता एआरटीसी एस एस हॉस्पिटल, आईएमएस, बीएचयू ने कहा कि मासिक धर्म का महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ता है यदि इसमे अत्यधिक दर्द व अनियमितता होने से इसका दुष्प्रभाव नींद व भूख पर पड़ता है जो सीधे मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है डॉ तिवारी ने मानसिक स्वास्थ्य को उत्तम बनाए रखने के उपाय पर विस्तार से जानकारी प्रदान किया।
खुला आसमान संस्था के संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह ने कहा कि मासिक धर्म का विषय आज भी उपेक्षित है जबकि यह अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है जो सीधे तौर पर संतान उत्पत्ति को प्रभावित करता है उन्होंने महिलाओं एवं युवतियों को स्वच्छता को अपनाने हेतु प्रेरित किया।
शिविर में आईसीटीसी, एसबीजी हॉस्पिटल कबीरचौरा, वाराणसी की सीनियर काउंसलर श्रीमती मनीषा राय एवं सुरक्षा क्लिनिक, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग बीएचयू की श्रीमती सोनी सिंह ने महिलाओं को एचआईवी व सिफलिस से बचाव के उपाय में के बारे में विस्तार से बताया तथा स्क्रीनिंग टेस्ट किया। शिविर में डॉ अनुश्री कीर्ति जूनियर रेजिडेंट स्त्री व प्रसूति तंत्र रोग विभाग राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय चौकाघाट, वाराणसी द्वारा महिलाओं समस्याओं हेतु दवा बताई गयी तथा निःशुल्क दवाऐं प्रदान की गयीं।
कार्यक्रम का संचालन प्राप्ति ठाकुर व धन्यवाद ज्ञापन संस्था की सह संस्थापिका दीक्षा रघुवंशी ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सिमरन मारांडी, कंचन चौधरी, बानी सरोज दिवाकर मिश्रा एवं अंकित चौबे ने प्रमुख भूमिका अदा किया।
.jpg)
