गेहूं उपार्जन व्यवस्था सुचारू रूप से चले, एवं किसानी के मुद्दों का हो त्वरित निराकरण - भारतीय किसान संघ
इटारसी । भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल की बैठक अनुविभागीय अधिकारी श्री नीलेश शर्मा जी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एसडीएम कर्यालय में संपन्न हुई । भारतीय किसान संघ के जिला सहमंत्री रजत दुबे नें बताया कि वर्तमान में किसान उपार्जन व्यवस्था में परेशान है, गेंहूं बेचनें के लिए स्लाट बुकिंग नहीं हो रहे है तथा एफ ए क्यू के नाम पर उपज को कैंसल किया जा रहा है, जिसमें शिथिलता बरतने हेतु भाकिसं नें अधिकारियों से कहा ! भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल नें बताया कि उपार्जन व्यवस्था धीमी होनें के कारण उपार्जन केन्द्रों पर ट्रैक्टर ट्रालियों की लाइन लग रही है, किसान 3-4 दिन तक उपार्जन केन्द्र पर खड़ा है, शीघ्रता से व्यवस्था सुधार करके उपार्जन कार्य में तेजी लायी जाए जिससे किसान परेशान न हो, एसडीएम नें संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के समाधान करनें हेतु निर्देशित किया है । किसान संघ के पदाधिकारियों नें बताया कि जिन उपार्जन केन्द्रों पर वेयर हाऊस फुल है उनके आसपास अतिरिक्त वेयर हाऊस में उपार्जन व्यवस्था की जाए, तथा स्लाट ट्रांसफार्मर की व्यवस्था भी की जाए, जिससे किसान अन्य जगह उपज बेच सके ।
बिजली समस्याओं का समाधान शीघ्र हो, ट्रांसफार्मर तय समय सीमा में बदलें
बैठक में बिजली विभाग के उपमहाप्रबंधक संदीप पाण्डेय से किसान संघ के प्रतिनिधियों नें चर्चा में बताया कि तहसील क्षेत्र के समस्त जले हुए ट्रांसफार्मर तय समय सीमा में बदले जाए, एवं समस्त ओव्हरलोड ट्रांसफार्मर की भार क्षमता बढ़ाए जाए, इसके अलावा मानसून के पूर्व सभी ग्रामीण क्षेत्रों की घरेलू एवं एग्रीकल्चर लाइनों का मेंटनेंस कार्य किया जाए, इसके अलावा टूटे हुए तार, एवं क्षतिग्रस्त पोल को समय सीमा में बदले जाएं तथा ग्रामीण क्षेत्र में एग्रीकल्चर हेतु पर्याप्त 10 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जावे, इन सभी मुद्दों पर संघ और अधिकारियों के बीच सकारात्मक चर्चा हुई ।
स्लाट ट्रांसफर हो सकेगा
एसडीएम इटारसी नें बताया कि किसानो़ को गेंहूं बेचनें हेतु स्लाट ट्रांसफर की सुविधा भी दी गयी है जिससे वह अन्य वेयर हाऊस पर अपना पंजीयन का ट्रांसफर करके उस वेयर हाऊस पर उपज बेच सकेगा, किसान द्वारा आवेदन देकर स्लाट ट्रांसफर की व्यवस्था प्रारंभ कर दी गयी है ।
खाद का भंडारण सुनिश्चित कर सहकारी समितियों में वितरण करें
भाकिसं के प्रतिनिधिमंडल नें एसडीओ कृषि को बताया कि तहसील क्षेत्र में खाद का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करके सभी सहकारी समितियों में वितरण किया जावे जिससे किसानों को असुविधा न हो, तथा शीघ्र ही ई टोकन व्यवस्था प्रारंभ करके खाद का वितरण किया जाए, सब्जी उत्पादक किसानों को प्राथमिकता के साथ खाद का वितरण किया जाए, जिससे सब्जी का उत्पादन हो सके ।
सभी शासकीय गोहे का सीमांकन करके अतिक्रमण मुक्त हो
भाकिसं के प्रतिनिधिमंडल नें एसडीएम एवं तहसीलदार को बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शासकीय गोहे के मार्गों का सीमांकन कार्य किया जाए, तथा सभी शासकीय गोहे से अतिक्रमण हटाकर गोहे का निर्माण हो ताकि किसानों को खेत में पहुंचनें हेतु सुगमता हो सके, भाकिसं नें गुर्रा से कांदई, भट्टी से लोधड़ी, चांदौन से आर्डिनेंस फैक्ट्री, पथरौटा से घाटली, बाबई तरोंदा से देहरी पथरोटा, सोमलबाड़ा से पाहनवर्री पहुंच गोहें का सीमांकन करानें हेतु प्रतिनिधिमंडल नें अधिकारियों को अवगत कराया ।
कृषि मंडी में फ्लैट कांटों से तुलाई एवं भगवान बलराम की मूर्ति लगायी जाए
भाकिसं के प्रतिनिधिमंडल नें मंडी के भारसाधक अधिकारी एसडीएम श्री नीलेश शर्मा जी को मंडी की समस्याओं से भी अवगत कराया । किसानों नें बताया कि मंडी में फ्लेट कांटे से ही सभी जिंसों की तुलाई का कार्य हो, तथा मंडी में पहली बोली मंडी प्रबंधन के कर्मचारी द्वारा लगायी जाए, मंडी परिसर में कृषि देवता भगवान बलराम की मूर्ति लगायी जाए, तथा किसानों को 2 लाख तक का नगद भुगतान किया जाए तथा भुगतान मंडी परिसर में ही किया जाए तथा उपज कैंसिल करनें की समय सीमा 15 मिनट बढ़ायी जाए ।
मूंग एवं सोयाबीन बीज की सब्सिडी डाली जाए
भाकिसं के प्रतिधिनिमंडल नें कृषि विभाग के अधिकारियों को बताया कि लगभग 2 साल से किसानों द्वारा ब्लाक से ली गयी सरकारी मूंग एवं सोयाबीन बीज की सब्सिडी किसानों के खातों में नहीं डाली गयी है, शीघ्र ही किसानों के खातों में बीज की सब्सिडी राशि डाली जाए ।
एसडीएम नें सभी विभागों के अधिकारियों को किया निर्देशित
एसडीएम नें भाकिसं के प्रतिनिधिमंडल के साथ सभी विभागों की बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ हल किया जाए, सभी अधिकारी उपार्जन केन्द्रों पर सतत मानिटरिंग करे ताकि उपार्जन व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके, इसके अलावा सभी विभागों के अधिकारियों को उनके संबंधित विभागों से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान करनें हेतु आदेशित किया गया है, एसडीएम नें कह कि किसानों को उपार्जन व्यवस्था मे़ किसी प्रकार की कठिनाई न हो इसके लिए प्रशासनिक टीम मानिटरिंग कर रही है ।
ये रहे उपस्थित
भाकिसं की विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में एसडीएम श्री नीलेश शर्मा, तहसीलदार सुनीता सहानी, नायब तहसीलदार, कृषि विभाग, बिजली विभाग, सहकारिता विभाग, वेयर हाऊसिंग, नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी, भारतीय किसान संघ के जिला सहमंत्री रजत दुबे, अध्यक्ष श्यामशरण तिवारी, मोरसिंह राजपूत, श्रीराम दुबे, सरदार यादव, राजेश साध, कमल गालर, राजू तोमर, ओपी महालहा, जगदीश कुशवाह, हरीश वर्मा, शिवकुमार पटेल, लक्ष्मीनारायण यादव एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे ।
.jpg)
