जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों की स्वच्छता संबंधी शिकायतें 24 घंटे में होंगी हल राकेश जाधव
इटारसी -स्वास्थ्य विभाग के सभापति राकेश जाधव ने आज नगरपालिका के स्वच्छता विभाग कक्ष में जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त स्वच्छता संबंधी शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा अधिकांश शिकायतों को 24 घंटे के भीतर हल किया जाएगा।
जनसुनवाई में कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रमुख शिकायतों में सेप्टिक टैंक की सफाई, बरसात पूर्व नालियों की सफाई तथा न्यास कॉलोनी में चैंबर चौक होने की समस्याएं शामिल रहीं। कुछ शिकायतों का तत्काल संबंधित वार्ड जमादारों को निर्देश देकर निराकरण कराया गया, जबकि शेष समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सभापति राकेश जाधव ने कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए नालियों की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सभी वार्ड जमादारों को निर्देशित किया गया है कि शिकायतों का शीघ्र निराकरण कर उसकी सूचना कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर मनजीत कालोशिया, मयंक अरोरा, संतोष तिवारी, जगदीश पटेल एवं कमल आर्य उपस्थित रहे।
.jpg)
