ad

कोबरा सर्पदंश से पीड़ित मासूम का सफल उपचार, आयुष्मान योजना बनी जीवनरक्षक



कोबरा सर्पदंश से पीड़ित मासूम का सफल उपचार, आयुष्मान योजना बनी जीवनरक्षक

इटारसी । लगभग दस दिन पूर्व ग्राम चेसला के एक मासूम बच्चे को कोबरा साँप ने काट लिया था। गंभीर अवस्था में परिजनों द्वारा उसे तत्काल शासकीय सिविल अस्पताल लाया गया, जहाँ ड्यूटी पर मौजूद डॉ. राकेश चौधरी एवं उनकी टीम ने बिना समय गंवाए बच्चे को आवश्यक प्राथमिक उपचार प्रदान किया तथा तुरंत एंटी स्नेक वेनम (ASV) लगाया।

उपचार के दौरान बच्चे की श्वसन संबंधी तकलीफ लगातार बढ़ने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. राकेश चौधरी ने मानवीय संवेदनशीलता एवं त्वरित निर्णय लेते हुए बच्चे को तत्काल वत्सल्य हॉस्पिटल, इटारसी रेफर कराया, क्योंकि उसके वेंटिलेटर सपोर्ट की आवश्यकता पड़ने की आशंका थी।

वात्सल्य हॉस्पिटल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा लगभग 8 दिनों तक निरंतर उपचार किया गया। चिकित्सकों एवं अस्पताल स्टाफ के समर्पित प्रयासों तथा ईश्वर की कृपा से बच्चा पूर्णतः स्वस्थ हो गया और उसे सकुशल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

विशेष उल्लेखनीय बात यह रही कि बच्चे का संपूर्ण उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निःशुल्क किया गया। इससे एक बार फिर यह सिद्ध हुआ कि आयुष्मान योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वास्तव में जीवनदायिनी साबित हो रही है।

इस अवसर पर चिकित्सकों ने कहा कि जब सभी स्वास्थ्यकर्मी समर्पण, समन्वय और सेवा-भाव से कार्य करते हैं, तो कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी मरीजों को नया जीवन देना संभव हो जाता है।

इस सफल उपचार के लिए चिकित्सकों ने ईश्वर का आभार व्यक्त किया तथा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी एवं स्वास्थ्य विभाग का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनकी जनकल्याणकारी आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से बच्चे का निःशुल्क उपचार संभव हो सका। आज बच्चा पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुका है, जो सभी के लिए अत्यंत हर्ष एवं संतोष का विषय है।
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post