इटारसी में पहली बार होगा श्री दशम ग्रंथ साहिब का सहज पाठ, तीन दिन होगी कथा
इटारसी। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, स्टेशन रोड इटारसी में शहर के इतिहास में पहली बार श्री दशम ग्रंथ साहिब के सहज पाठ का विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सेवादार जसवीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि यह आयोजन 27 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित होगा। इस प्रकार के आयोजन अब तक मुख्य रूप से नांदेड़ साहिब में होते रहे हैं।
कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई (सोमवार) सुबह 8 बजे सहज पाठ साहिब का शुभारंभ होगा। 30 जुलाई (गुरुवार) सुबह 10 बजे सहज पाठ की समाप्ति होगी। इसके बाद सुबह 10 से 11:30 बजे तक कीर्तन, अरदास एवं समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा गुरु का अटूट लंगर बरतेगा।
इसके अलावा 27, 28 एवं 29 जुलाई को प्रतिदिन रात्रि 8 से 9 बजे तक श्री दशम ग्रंथ साहिब की कथा-विचार होगी। कथा के उपरांत प्रतिदिन गुरु का लंगर भी आयोजित किया जाएगा।
प्रधान सेवादार जसवीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि श्री दशम ग्रंथ साहिब सिख धर्म का दूसरा प्रमुख धर्मग्रंथ माना जाता है, जिसमें दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह की वाणी एवं रचनाओं का संकलन है। इसकी प्रमुख रचनाओं में जाप साहिब, अकाल उस्तत, बचित्र नाटक, जफरनामा, तव प्रसाद सवैये, चौपाई साहिब, चंडी चरितर, चौबीस अवतार सहित अनेक महत्वपूर्ण बाणियाँ शामिल हैं। इनमें से जाप साहिब, तव प्रसाद सवैये और चौपाई साहिब आज भी सिखों के नितनेम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं तथा अमृत संचार के दौरान भी इनका पाठ किया जाता है।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने समस्त साध-संगत से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु की वाणी का लाभ लेने तथा गुरु के लंगर में शामिल होने की अपील की है।
Tags:
समाचार
.jpg)