मालाखेड़ी की सड़कों पर पसरा अंधेरा, तीन महीने से खराब अधिकांश स्ट्रीट लाइटें
नर्मदापुरम। मालाखेड़ी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की बदहाल व्यवस्था के कारण रात के समय स्थानीय रहवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें पिछले करीब तीन महीनों से बंद पड़ी हैं। वर्तमान में केवल एक-दो लाइटें ही जल रही हैं, जिसके चलते रात होते ही क्षेत्र के कई हिस्सों में अंधेरा छा जाता है।
मालाखेड़ी क्षेत्र से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण आवागमन में दिक्कत होती है। सड़क पर गड्ढे अथवा अन्य बाधाएं दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों द्वारा आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिए जाने की आशंका से भी स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
स्थानीय निवासी सुयश मिश्रा ने बताया कि मालाखेड़ी क्षेत्र की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें पिछले तीन महीनों से खराब पड़ी हैं। केवल एक-दो लाइटें ही जल रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहता है। अंधेरे का फायदा उठाकर आपराधिक घटनाएं होने की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मालाखेड़ी क्षेत्र की सभी बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए।
Tags:
समाचार
.jpg)