सरोकार साझा मंच की सितम्बर माह की बैठक में 'कृष्ण-भक्ति और शिक्षक की बदलती भूमिका ' पर हुआ विमर्श
इंदौर। सरोकार साझा मंच की मासिक बैठक का आयोजन ' जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस' के अवसर पर नेहरू पार्क के सुरम्य वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदस्यों का स्वागत अक्षत-रोली का तिलक लगाकर और मोरपंख से सजी कलम और गुलाब भेंट कर किया गया।
आयोजक डॉ. वन्दना मिश्र ‘मोहिनी’ ने ‘श्रीकृष्ण : प्रेम, मित्रता और कर्म का संदेश’ विषय पर विचार प्रस्तुत किए। वहीं डॉ. अर्चना त्रिवेदी, माधुरी निगम, वन्दना शर्मा, आशा मुंशी एवं मृदुला शर्मा ने ‘आज के समय में शिक्षक की बदलती भूमिका’ पर अपने विचार रखे।
जन्माष्टमी के अवसर गायत्री शर्मा, अंजू मोटवानी, काजल मजूमदार, डॉ. इंदु जैन, जयश्री शर्मा एवं करुणा प्रजापति ने कान्हा के भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अध्यक्ष महिमा शुक्ला ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की वर्तमान चुनौतियों पर रोचक ‘कक्षा’ लगाई और प्रश्नोत्तर किए। इसमें कृष्णा जोशी, कविता मेहता, समिधा शुक्ला एवं सुरभि शुक्ला ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
संयोजक संगीता चौहान ने मंच द्वारा प्रकाशित ‘कहे-अनकहे’ पुस्तक की सारगर्भित समीक्षा प्रस्तुत की और आभार व्यक्त किया। रोचक गेम्स और स्वादिष्ट व्यंजनों के आनंद के साथ सभी सदस्यों ने बच्चों की छुक-छुक टॉय रेलगाड़ी से पार्क की सैर कर बचपन की यादें ताजा कीं। यह आयोजन भक्ति, साहित्य, विचार विमर्श और बचपन की स्मृतियों का सुंदर संगम बन गया ।
Tags:
साहित्यिक समाचार
.jpg)