अंतस सेवा फाउंडेशन ने की ‘उड़ान’ डे-केयर सेंटर की शुरुआत
नोएडा। समाज सेवा एवं मानवता के प्रति समर्पित गैर-सरकारी संगठन अंतस सेवा फाउंडेशन ने आज समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए ‘उड़ान’ डे-केयर सेंटर की शुरुआत की। इस केंद्र का उद्देश्य ऐसे बच्चों को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है, जहाँ उन्हें शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और भावनात्मक सहयोग के साथ अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का अवसर मिल सके।
मदर केयर स्कूल परिसर, सेक्टर-73, नोएडा में प्रारंभ किए गए इस केंद्र के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई में सहयोग, रचनात्मक एवं शैक्षिक गतिविधियाँ, पौष्टिक भोजन, शाम का नाश्ता, खेलकूद तथा जीवनोपयोगी कौशलों से जुड़ी गतिविधियाँ उपलब्ध कराई जाएँगी। संस्था का प्रयास है कि आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को ऐसा वातावरण मिले, जहाँ वे सुरक्षित महसूस करते हुए अपनी प्रतिभा को निखार सकें और बेहतर भविष्य के सपने देख सकें।
इस अवसर पर संस्था की संस्थापिका स्मिता श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों के भविष्य को सँवारना केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। उन्होंने कहा, “समाज के सहयोग और सहभागिता के बिना इतनी बड़ी पहल को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाना संभव नहीं है। ‘उड़ान’ केवल एक डे-केयर सेंटर नहीं, बल्कि उन बच्चों के लिए आशा, विश्वास और अवसर का एक नया द्वार है, जिन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए अतिरिक्त सहयोग और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। हमारा संकल्प है कि प्रत्येक बच्चे को सम्मान, स्नेह, शिक्षा और बेहतर जीवन का अवसर मिले।”
कार्यक्रम की विशेष अतिथि सुश्री मीनाक्षी चांदवानी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए बड़े सपने देखना, निरंतर सीखते रहना और कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत न हारना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही,उन्होंने इस सामाजिक पहल के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सहयोग की भावना का परिचय देते हुए उड़ान डे-केयर सेंटर के लिए रसोई, पठन पाठन, खेल कूद से संबंधित सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए अंतस सेवा फाउंडेशन की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस पुनीत कार्य में विशिष्ट अतिथि के रूप उपस्थित मदर केयर स्कूल के निदेशक डॉ. दीप चंद सिंह एवं प्रधानाचार्या डॉ. छाया सिंह का अतुलनीय सहयोग रहा। उनके सहयोग एवं प्रोत्साहन के बिना इस पहल की कल्पना करना भी कठिन था। संस्था ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों और सामाजिक संगठनों का आपसी सहयोग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
‘उड़ान’ डे-केयर सेंटर को सुचारू रूप से संचालित करने तथा इस सामाजिक पहल को साकार करने में भावना सहाय, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. शिल्पा भूषण, डॉ. भावना शुक्ला, पूनम शुक्ला, श्वेता श्रीवास्तव, साक्षी एवम आराध्या श्री का विशेष योगदान रहा। इन सभी के सहयोग, संवेदनशीलता और सेवा-भावना ने इस प्रयास को नई ऊर्जा प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का सम्मान मंजुला श्रीवास्तव एवं नाज़िम अली द्वारा स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया। इस अवसर पर बच्चों के प्रति स्नेह, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामूहिक सहभागिता की भावना विशेष रूप से दिखाई दी।
अंत में अंतस सेवा फाउंडेशन की संस्थापिका स्मिता श्रीवास्तव ने समाज के सभी संवेदनशील नागरिकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सक्षम व्यक्तियों से ‘उड़ान’ डे-केयर सेंटर के संचालन में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहयोग के साथ-साथ समय, मार्गदर्शन, शैक्षिक सामग्री, पोषण एवं अन्य आवश्यक संसाधनों के माध्यम से भी इस पहल को मजबूत बनाया जा सकता है।
‘उड़ान’ का उद्देश्य केवल बच्चों की देखभाल करना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसा अवसर देना है, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों की ओर आगे बढ़ सकें। अंतस सेवा फाउंडेशन की यह पहल इस विश्वास को साकार करने की दिशा में एक सार्थक कदम है कि हर बच्चे को सुरक्षित बचपन, बेहतर शिक्षा और सम्मानजनक भविष्य पाने का अधिकार है।
Tags:
समाचार
