आ रहीं है "बड़ी अम्मा" : मध्यप्रदेश की पहली पंचमुखी महाकाली ‘बड़ी अम्मा' करुणाधाम में होंगी विराजमान
21 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा के आगमन पर होगा विशेष आयोजन
बारेलाल बैंड की होगी प्रस्तुति ; होगा भव्य स्वागत
भोपाल । मध्यप्रदेश की पहली पंचमुखी महाकाली के रूप में प्रतिष्ठित माँ ‘बड़ी अम्मा’ का भव्य आगमन करुणाधाम आश्रम, नेहरू नगर में होने जा रहा है। माँ की 21 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। शनिवार 10 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे प्लैटिनम प्लाजा चौराहे पर माँ "बड़ी अम्मा" का भक्तिमय वातावरण में भव्य स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर पीठाधीश्वर श्री सुदेश जी शांडिल्य महाराज के साथ बड़ी संख्या में भक्तजन मौजूद रहेंगे।
आश्रम के युवा समिति के अध्यक्ष श्री शाश्वत शांडिल्य ने बताया कि 9 रातें, 9 रंग और 9 दिव्य रूपों के साथ माँ बड़ी अम्मा के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 10 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे प्लैटिनम प्लाजा चौराहे पर माँ की आरती-पूजन किया जाएगा। इसके बाद माता मंदिर से होते हुए मैनिट चौराहे के रास्ते माँ की प्रतिमा को करुणाधाम आश्रम, नेहरू नगर के लिए प्रस्थान कराया जाएगा।
आगमन के दौरान बारेलाल बैंड की विशेष प्रस्तुति होगी। वहीं, ट्रस्ट की ओर से माँ बड़ी अम्मा का स्वागत किया जाएगा। धार्मिक आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में श्रद्धालुओं की सहभागिता रहने की उम्मीद है। माँ "बड़ी अम्मा" के आगमन को लेकर तैयारियाँ की जा रही हैं। यह आयोजन भक्तों के लिए श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का विशेष अवसर बनेगा।
Tags:
समाचार
