ad

एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता विवेक सागर का इटारसी में भव्य सम्मान, कहा- 'वरिष्ठों की मेहनत से मिलती है खिलाडिय़ों को पहचान'


एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता विवेक सागर का इटारसी में भव्य सम्मान, कहा- 'वरिष्ठों की मेहनत से मिलती है खिलाडिय़ों को पहचान'

इटारसी। एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाले टीम के सदस्य और इटारसी के सपूत विवेक सागर प्रसाद का जीत के बाद पहली बार गृहनगर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। जिला हॉकी संघ नर्मदापुरम (इटारसी) द्वारा ईश्वर रेस्टॉरेंट में आयोजित इस समारोह में विवेक सागर के साथ-साथ शहर के अन्य होनहार हॉकी सितारों का भी सम्मान किया गया।
अंतरराष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में विवेक सागर के अलावा इंटर डिपार्टमेंट इंटरनेशनल हॉकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुंदरम राजावत और हॉकी के माध्यम से रांची रेलवे में शासकीय नौकरी पाने वाले ज़ैद खान को सम्मानित किया गया। इसी के साथ राज्य स्तरीय शालेय हॉकी में स्वर्ण जीतने वाले जूनियर खिलाड़ी हर्ष, चंदन यादव, समेष्ठ भावसार और मप्र अकादमी ग्वालियर में चयनित अनन्या भदौरिया को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विवेक सागर का प्रेरक उद्बोधन
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विवेक सागर ने अपने सम्मान के बाद मंच से सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों को जो भी नाम और सम्मान मिलता है, वह सर्वजीत भैया और कन्हैया भैया जैसे वरिष्ठों द्वारा पर्दे के पीछे की गई कड़ी मेहनत का ही परिणाम है। उन्होंने ज़ैद व अन्य युवाओं को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि इटारसी से ऐसे ही और भी कई युवा खिलाड़ी (लड़के-लड़कियां) आगे निकलेंगे और शहर का नाम रोशन करेंगे। अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने छोटे खेल आयोजनों को निरंतर कवरेज देने के लिए उपस्थित पत्रकारों का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया।
शहर में एस्ट्रो टर्फ की उठी मांग
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने गांधी मैदान से निकल रही इन प्रतिभाओं की सराहना की, लेकिन खेल सुविधाओं के अभाव पर गहरी चिंता भी जताई। किसान विजय बाबू चौधरी और अशोक जैन ने कहा कि मिट्टी के मैदान से निकलकर हमारे बच्चे टर्फ तक पहुंच रहे हैं, लेकिन अब तक शहर में टर्फ न ला पाना जिम्मेदारों की विफलता है। यज्ञदत्त गौर ने भी सुविधाओं के अभाव पर ग्लानि व्यक्त करते हुए गांधी मैदान में गैर-खेल गतिविधियों को रोकने की मांग की।
मार्गदर्शक एससी लाल ने विवेक सागर की सादगी और सरलता की तारीफ की। जिलाध्यक्ष राजेंद्र तोमर, वरिष्ठ पत्रकार सुधांशु मिश्रा, पूर्व पार्षद नीलेश मालोनिया, दीपक अग्रवाल, अर्जुन भोला, गुफरान अंसारी, अमोल उपाध्याय, अधिवक्ता संतोष गुरयानी और कोच कन्हैया गुरयानी ने खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें ध्यानचंद का असली अनुयायी बताया। मंच से सम्मानित खिलाड़ी ज़ैद और सुंदरम ने इस अभिनंदन से मिली प्रेरणा से और अधिक मेहनत करने की बात कही।
समारोह में इनकी रही उपस्थिति
इस गरिमामय कार्यक्रम में हॉकी नर्मदापुरम के संरक्षक एससी लाल, अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह तोमर, सचिव साजिद खान, कोच कन्हैया गुरयानी, उपाध्यक्ष अश्वनी वर्मा, कोषाध्यक्ष सर्वजीत सिंह सैनी, पार्षद शिवकिशोर रावत, यज्ञदत्त गौर, दीपक हरिनारायण अग्रवाल, सुधांशु मिश्र, अशोक जैन, विजय बाबू चौधरी, सभापति कल्पेश अग्रवाल, वरिष्ठ खिलाड़ी जयराज सिंह भानू, लखन बैस, अधिवक्ता संतोष गुरयानी, रवि हरदुआ, इदरीश खान, सुनील शुक्ला, कमल किशोर डेजी शुक्ला, महबूब खान, अल्वर्ट खान, कैलाश शर्मा, राकेश चंदेले, रविन्द्र जोशी, राजू हरदुआ, गरीबा उस्ताद, अमोल उपाध्याय, अर्जुन भोला, दीपक दुगाया और मंजू ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हिमांशु बाबू अग्रवाल ने किया तथा आभार सचिव साजिद मलिक ने माना।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post