श्रेष्ठ यात्रा संस्मरण के लिए डाॅ मीनू पांडेय सम्मानित
नयी दिल्ली।
यहाँ हिंदुस्तानी भाषा अकादमी के रोहिणी स्थित सभागार में "हम सब साथ साथ" एवं "हिंदुस्तानी भाषा अकादमी" के सौजन्य से श्रेष्ठ दोहा एवं यात्रा संस्मरण पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली एनसीआर और देश के विभिन्न भागों से चयनित श्रेष्ठ प्रतिभाओं को उनके रचना पाठ के पश्चात स्वागत के साथ स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र और नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतिथि के रूप में प्रसिद्ध साहित्यकार, कलाकार्मियों, सर्वश्री जय सिंह आर्य, राम अवतार बैरवा, आदित्य वर्मा जलज और अजय मनचंदा आदि की गरिमामय उपस्थिति रही। श्रोताओं को उनकी बेहतरीन रचनाओं और विचारों को सुनने का भी अवसर प्राप्त हुआ।
प्रारम्भ में दीप प्रज्जवलन एवं माता सरस्वती के चरणों में पुष्प अर्पित करने के पश्चात विगत दिनों आयोजित भूटान सांस्कृतिक यात्रा पर "सरस्वती सुमन" पत्रिका के भूटान यात्रा विशेषांक का विमोचन अतिथियों के द्वारा किया गया। भाषा अकादमी के अध्यक्ष श्री सुधाकर पाठक ने भूटान यात्रा संस्मरण, दोहा एवं लघुकथा प्रतियोगिताओं के बारे में विस्तार से चर्चा की और स्थानीय व दूर-दूर से पधारे अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका परिचय दिया। भूटान यात्रा अंक के संपादक श्री किशोर श्रीवास्तव ने भूटान यात्रा पर केंद्रित अंक प्रकाशित करने के लिए पत्रिका के प्रधान संपादक डॉ. आंनद सुमन सिंह एवं दोहा/लघुकथा प्रतियोगिता के निर्णायकों सर्वश्री डॉ. अशोक मैत्रीय, विनीता निर्झर आदि के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
सम्मान कार्यक्रम से पूर्व प्रतिभागियों ने पुरस्कृत दोहों और संस्मरण का पाठ किया, उसके बाद उन्हें सम्मानित किया गया। श्रेष्ठ यात्रा संस्मरण (भूटान यात्रा) के लिए डाॅ मीनू पाण्डेय (भोपाल) को सभी अतिथियों के कर कमलों से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती पूनम पाण्डेय ने अपने रोचक अंदाज़ में किया और अंत में आभार श्री अखिलेश द्विवेदी अकेला ने व्यक्त किया।
.jpg)
