सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्र तिलक सिंदूर में करेंगे आचार्य दीदी का सम्मान
इटारसी। विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्रों द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर 6वे वर्ष में "आचार्य दीदी सम्मान समारोह" का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व छात्रों द्वारा उनको पढ़ाने वाले आचार्य-दीदी का सम्मान किया जायेगा। कार्यक्रम संयोजक टीम के सदस्य प्रदीप गौर ने बताया कि लगातार छठवें वर्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में 20 से 25 वर्ष पूर्व विद्यालय से पढ़कर निकले छात्र-छात्राएं आपसी संयोजन से अपने शिक्षकों को गरिमामय कार्यक्रम में सम्मानित करेंगे। इस बार कार्यक्रम सतपुड़ा की वादियों में दर्शनीय धार्मिक स्थल तिलक सिंदूर में आयोजित किया जा रहा है। पूर्व छात्रों का कहना है कि तिलक सिंदूर का प्राकृतिक सौंदर्य इस समय दर्शनीय है। इसी कारण शिक्षकों को इस धार्मिक पर्यटन स्थल पर भगवान शिव की पूजन उपरांत सम्मानित किया जाएगा।
देश के महानगरों में अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे भैया बहनों के साथ-साथ विदेशी धरती पर अपना परचम लहरा रहे सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान के पूर्व छात्र-छात्राएं अपनी उपलब्धियों का श्रेय अपने शिक्षकों एवं विद्यालय को देते हैं।
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इटारसी के पूर्व छात्रों द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले आचार्य दीदी सम्मान समारोह में वर्तमान में अध्यापन कार्य कर रहे शिक्षकों के साथ-साथ, सेवानिवृत्त एवं पूर्व शिक्षकों सहित लगभग 80 शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व छात्रों द्वारा आजीवन शिक्षण एवं संस्कार रोपण के लिए एक वरिष्ठ शिक्षक को दिये जाने वाले विशेष सम्मान "आचार्य गौरव सम्मान वर्ष 2025" से विद्यालय की सेवानिवृत्त आचार्य श्रीमती राकेश लता राजपूत दीदी को प्रदान किया जायेगा।
.jpg)
