इटारसी में दीपावली बाजार की तैयारियां जोरों पर : आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ सजेगा स्वदेशी बाजार
इटारसी के गांधी स्टेडियम में इस वर्ष का दीपावली बाजार लगाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सभापति, बाजार एवं राजस्व शाखा, पार्षद अमृता मनीष ठाकुर ने बताया कि इस बार दीपावली बाजार को व्यवस्थित रूप से तीन स्थानों पर संचालित किया जाएगा। गांधी स्टेडियम परिसर में मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं, मिट्टी के दीये, झाड़ू, लाई, बताशे और पूजन सामग्री की दुकानें लगेंगी, वहीं पटाखों की बिक्री के लिए लाल मैदान (बैंक कॉलोनी के पास) निर्धारित किया गया है। इसके अलावा फूल-माला, केले के पेड़ और घर सजावट की सामग्री की दुकानें फ्रेंड्स स्कूल मैदान में लगेंगी।
नगर पालिका प्रशासन ने दीपावली बाजार के दौरान नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, रोशनी, अस्थायी बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की है। सभापति अमृता ठाकुर ने बताया कि बाजार क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किया जा रहा है ताकि सभी व्यापारी सुरक्षित वातावरण में अपने स्टॉल संचालित कर सकें और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। नगर पालिका टीम द्वारा समस्त व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभापति अमृता मनीष ठाकुर ने नगरवासियों से अपील की है कि दीपावली के इस पावन पर्व पर “लोकल फॉर वोकल” की भावना को अपनाते हुए स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों और व्यापारियों से ही खरीदारी करें। उन्होंने कहा कि “दीपावली केवल रोशनी का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वदेशी उत्पादों के सम्मान का पर्व है। आइए, हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि इस दीपावली पर इटारसी के बाजारों से ही सामग्री खरीदकर न सिर्फ अपनी खुशियाँ मनाएं, बल्कि अपने शहर के व्यापारियों के घरों में भी खुशियों की रोशनी फैलाएं।”
.jpg)
