समाज सेवा की अनूठी मिसाल: दिवंगत भाऊ धर्मदास मिहानी की स्मृति में मिहानी परिवार ने अस्पताल को सौंपा वाटर कूलर, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने किया लोकार्पण
इटारसी। नर सेवा ही नारायण सेवा है, और प्यासे को पानी पिलाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं होता। इस सनातन सत्य को चरितार्थ करते हुए इटारसी के प्रतिष्ठित मिहानी परिवार ने समाज सेवा के क्षेत्र में एक बार फिर प्रशंसा के पुल बांध दिए हैं। पार्षद एवं पूज्य पंचायत सिंधी समाज के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय भाऊ धर्मदास मिहानी की पावन स्मृति में, मिहानी परिवार द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय परिसर स्थित महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रशिक्षण केन्द्र (नर्सेस ट्रैनिंग सेन्टर) को ब्लू स्टार कंपनी का आधुनिक ठंडा पानी देने वाला वाटर कूलर सह आर.ओ. प्रदान किया गया।
4 जून को शाम 5:30 बजे आयोजित एक गरिमामय समारोह में इस वाटर कूलर का लोकार्पण मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ।
"जल सेवा सबसे बड़ी सेवा, डॉक्टरों का सम्मान जरूरी" – डॉ. सीतासरन शर्मा
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने अपने उद्बोधन में मिहानी परिवार के इस पुनीत कार्य की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि मिहानी परिवार द्वारा की जा रही जल सेवा समाज के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। परिवार का यह सेवा कार्य अत्यंत अनुकरणीय है।"
इसके साथ ही उन्होंने डॉक्टरों की सुरक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आजकल लोग तैश में आकर डॉक्टरों से अभद्रता करते हैं, जिससे बचना होगा। यदि रात में इमरजेंसी सेवाएं बंद हुईं, तो समाज को बड़ी मुश्किल होगी।
अतिथियों ने बांधे मिहानी परिवार की तारीफों के पुल
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि सरकारी अस्पताल में सेवाएं देना बड़ी चुनौती है, फिर भी हमारे डॉक्टर पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं। अस्पताल में पहले की तुलना में अमूल-चूल बदलाव आया है। उन्होंने मिहानी परिवार की संवेदनशीलता को सलाम किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने ट्रैनिंग सेंटर में वाटर कूलर लगाने पर साधुवाद देते हुए कहा कि दिवंगत धर्मदास मिहानी कांग्रेस परिवार के एक बेहद अहम और अभिन्न सदस्य थे, उनकी याद में किया गया यह कार्य वंदनीय है।
आई.एम.ए. (IMA) अध्यक्ष डॉ. आर. दयाल ने कहा कि प्यासे को पानी पिलाना महापुण्य है और मिहानी परिवार हमेशा ऐसे परोपकारी कार्यों में अग्रणी रहता है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमरे ने सभी का आभार मानते हुए भरोसा दिलाया कि वे सबके सहयोग से अस्पताल में और भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम का सफल संचालन अनिल झा ने किया, जबकि आगंतुक अतिथियों का आभार प्रदर्शन अनिल मिहानी द्वारा व्यक्त किया गया।
मिहानी परिवार के इस पुण्य कार्य में साक्षी बनने के लिए शहर की तमाम राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें मुख्य रूप से मिहानी परिवार के सदस्य परिवार के मुखिया बलराम मिहानी, पार्षद कन्हैया लाल मिहानी, संजू मिहानी एवं अनिल मिहानी, पूज्य पंचायत सिंधी समाज के अध्यक्ष कैलाश नवलानी, वरिष्ठ व्यापारी मोहनलाल चेलानी, अशोक लालवानी, विजय मनवानी, मोहन मोरवानी, और नर्मदापुरम से विशेष रूप से पधारे राजू जमनानी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रवि किशोर जायसवाल, नगर भाजपा अध्यक्ष राहुल चौरे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी, विधायक प्रतिनिधि भरत वर्मा, पार्षद वंदना ओझा, पार्षद अंजलि कलोसिया, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मयूर जायसवाल, जय किशोर चौधरी और अधिवक्ता रघुवंश पांडेय, अस्पताल के पूर्व अधीक्षक डॉ. आर. के. चौधरी, डॉ. विकास जैतपुरिया, डॉ. अनिकेत सिंह, डॉ. नीरज जैन, वरिष्ठ नागरिक अशोक शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर, आशीष अरोरा और अजय शुक्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा।
मिहानी परिवार द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल ट्रैनिंग सेंटर की छात्राओं और मरीजों के परिजनों के लिए गर्मी के इस मौसम में बड़ी राहत लेकर आया है, बल्कि यह इटारसी के सामाजिक सरोकारों को एक नई ऊंचाई भी प्रदान करता है।
.jpg)
