सेवा भारती द्वारा संस्कार केंद्र शिक्षिकाओं का भव्य प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न
इटारसी। सेवा भारती मध्यभारत, जिला नर्मदापुरम द्वारा संचालित संस्कार केंद्रों की शिक्षिकाओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सेवा भारती बालिका छात्रावास, इटारसी में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य शिक्षिकाओं को संस्कार केंद्रों के संचालन, शिक्षण पद्धति एवं सेवा कार्यों के प्रति अधिक दक्ष एवं प्रेरित बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रावास अध्यक्ष श्री विजय अग्रवाल, श्री नीरज चौहान, श्री प्रशांत सोलंकी, श्री बीरेंद्र दीक्षित, श्री मनोज राय, श्रीमती सुमित्रा तोमर एवं श्रीमती कमलेश भदौरिया द्वारा भारत माता एवं माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया।
उद्घाटन सत्र में अध्यक्ष श्री विजय अग्रवाल ने शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कार केंद्र केवल शिक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में संस्कार, सेवा एवं राष्ट्रभाव जागृत करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षिकाओं के सतत प्रयासों से सेवा बस्तियों में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है और समाज सेवा का यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रशिक्षण वर्ग के चारों सत्रों में विभाग समन्वयक श्री शिवप्रताप सिंह एवं श्रीमती कविता राजपूत ने संस्कार केंद्रों के पाठ्यक्रम, शिक्षण विधि, प्रार्थना, गीत, गतिविधियों एवं दैनिक संचालन का व्यावहारिक अभ्यास कराया।
खेल एवं व्यक्तित्व विकास सत्र में श्रीमती स्मृता तोमर, निरीक्षिका श्रीमती खुशबू भदौरिया, श्रीमती मोनिका नामदेव, श्रीमती खुशी माली, श्रीमती पूनम तोमर एवं श्रीमती दीपा उइके ने विभिन्न खेलों, समूह गतिविधियों एवं मनोरंजक शिक्षण विधियों का प्रशिक्षण दिया, जिससे शिक्षिकाओं में उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ।
समापन सत्र में सेवा भारती जिला अध्यक्ष श्री सतीश सावरिया एवं श्री अनिल गेलानी ने मार्गदर्शन देते हुए कहा कि सेवा भारती जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक समरसता के चार प्रमुख आयामों पर सतत कार्य कर रही है। उन्होंने आगामी माह में जिले के सभी नगर केंद्रों की सेवा बस्तियों में नए संस्कार केंद्र प्रारंभ करने का संकल्प व्यक्त किया तथा सभी शिक्षिकाओं से सेवा कार्य को समर्पण भाव से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग का समापन कल्याण मंत्र एवं भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ।
Tags:
समाचार
.jpg)