पतंजलि योग समिति इटारसी ने कावेरी स्टेट में धूमधाम से मनाया 'जड़ी-बूटी दिवस'
इटारसी। पतंजलि योग समिति, इटारसी द्वारा तहसील स्तरीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन कावेरी स्टेट स्थित गार्डन में 'जड़ी-बूटी दिवस' के रूप में अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। परम पूज्य आचार्य श्री बालकृष्ण जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक संपदा को संवर्धित करना और पर्यावरण का संरक्षण करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6:00 बजे नीले आसमान के नीचे और हरी मखमली घास के बीच स्वच्छ व सुगंधित वातावरण में हुई। उपस्थित साधकों ने हंसते-मुस्कुराते हुए नियमित योग व प्राणायाम का अभ्यास किया। इसके पश्चात आहुतियों के साथ दिव्य यज्ञ संपन्न हुआ, जिससे संपूर्ण परिसर सुगंधित हो उठा। यज्ञ के बाद परिसर में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया, जिसमें चंदन, गिलोय, एलोवेरा, अश्वगंधा, मधुकान्तक, तुलसी, बील, मीठी नीम, हड़जोड़, अपराजिता, शमी, पपीता, नींबू, जामफल, अनार और गुड़मार जैसे औषधीय पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर भारत स्वाभिमान न्यास के प्रांतीय प्रचारक एवं नर्मदापुरम जिला प्रभारी श्री मोहनलाल गौर जी ने उपस्थित जनों को जड़ी-बूटियों के गुण, दैनिक आहार और विपरीत आहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को जड़ी-बूटी युक्त स्वास्थ्यवर्धक पेय प्रसाद के रूप में दिया गया। इसके साथ ही एक अनोखी पहल करते हुए, जल शोधन के उद्देश्य से सभी को पानी की टंकी में डालने हेतु जामुन की लकड़ी से निर्मित स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
उल्लेखनीय है कि 15 जुलाई से जारी 'जड़ी-बूटी माह' के अंतर्गत समिति द्वारा अब तक 40 से 50 पौधे लगाए जा चुके हैं और यह अभियान आगामी 15 अगस्त तक निरंतर जारी रहेगा। कावेरी स्टेट के इस गार्डन को कावेरी निवासियों, नियमित फ्री योग समिति के साधकों, कावेरी केयर समिति की महिला टीम तथा सीनियर सिटीजन्स द्वारा आपसी सहयोग से सुंदर और व्यवस्थित रखा जा रहा है।
इस भव्य आयोजन में गोदड़ी वाला धाम, पुरानी इटारसी ओवर ब्रिज के नीचे राम मंदिर क्लास, कावेरी स्टेट और न्यू यार्ड क्लास के सभी मुख्य योग प्रशिक्षक, सह-प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में साधकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' की मंगल प्रार्थना के साथ किया गया।
Tags:
समाचार
.jpg)