शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में NIIT का ओरिएंटेशन कार्यक्रम सम्पन्न
छात्राओं को मिला डिजिटल स्किल्स, व्यक्तित्व विकास और रोजगार का मार्गदर्शन
इटारसी । शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में आज स्नातकोत्तर विभाग, फैशन डिजाइनिंग विभाग, कंप्यूटर विभाग तथा स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्त्वावधान में NIIT के सहयोग से छात्राओं के करियर मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास हेतु एक विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आधुनिक कौशल, पर्सनालिटी डेवलपमेंट और रोजगार के उभरते अवसरों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान NIIT के प्रतिनिधियों एवं विषय-विशेषज्ञों श्री दीपेश डेहरिया, प्रतीक डबली एवं नीरज ठाकुर ने छात्राओं को डिजिटल स्किल्स, आधुनिक पाठ्यक्रमों तथा उद्योग की मांग के अनुरूप तैयार किए गए रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ मजबूत व्यक्तित्व, संचार कौशल और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने कहा कि डिजिटल स्किल्स और सशक्त व्यक्तित्व ही आज की छात्राओं को आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाते हैं। ऐसे आयोजन छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उनके लिए करियर के नए मार्ग खोलते हैं। कार्यक्रम संयोजिका प्रिया कलोसिया ने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए विषयगत ज्ञान के साथ आत्मविश्वास और प्रभावी संचार कौशल बेहद जरूरी है। यह आयोजन छात्राओं के व्यक्तित्व को निखारकर उन्हें सीधे रोजगार से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग प्रमुख प्रेमलता पाटिल के द्वारा किया गया। छात्राओं ने सत्र में बढ़-चढ़कर भाग लिया और करियर तथा रोजगार से जुड़े अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त प्राध्यापक वर्ग एवं NIIT के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Tags:
समाचार
.jpg)