ad

झारखण्ड हिन्दी साहित्य संस्कृति मंच की आम सभा संपन्न, ‘दूसरी आवाज’ के चौथे अंक का विमोचन


हनुमान सरावगी की जयंती पर सजी साहित्यिक संध्या

झारखण्ड हिन्दी साहित्य संस्कृति मंच की आम सभा संपन्न, ‘दूसरी आवाज’ के चौथे अंक का विमोचन

राँची। झारखण्ड हिन्दी साहित्य संस्कृति मंच की आम सभा की बैठक रविवार को होटल सिटी पैलेस के सभागार में संपन्न हुई। इसी अवसर पर झारखण्ड के प्रसिद्ध उद्यमी, समाजसेवी तथा साहित्य एवं संस्कृति अनुरागी श्री हनुमान सरावगी की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई तथा हिमकर श्याम द्वारा संपादित ‘दूसरी आवाज’ ई-पत्रिका के चौथे अंक का विमोचन किया गया। बैठक एवं समारोह की अध्यक्षता मंच के कार्यकारी अध्यक्ष निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव ने की।

उन्होंने मंच की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए इसके सुदृढ़ीकरण एवं विकास के लिए सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए। बैठक में ध्वनिमत से बजट अनुमोदित किया गया।

आम सभा के बाद श्री हनुमान सरावगी की जयंती के अवसर पर कवि गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा रिंकू बैनर्जी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ भजन से हुआ। मंच के सचिव विनोद सिंह ‘गहरवार’ ने उपस्थित कवि-कवयित्रियों एवं प्रबुद्धजनों का स्वागत किया।

मंच के संरक्षक विनय सरावगी को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव ने श्री हनुमान सरावगी के विराट व्यक्तित्व, उद्यमशीलता, लोक-संग्रह की भावना तथा उनके सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक अवदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

डॉ. जंग बहादुर पाण्डेय ने श्री सरावगी से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए उनकी दानशीलता और समाजसेवा को रेखांकित किया। मंच के संरक्षक एवं श्री हनुमान सरावगी के पुत्र विनय सरावगी ने अपने पिता की साहित्यिक यात्रा तथा सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान से जुड़े कुछ अनछुए प्रसंग साझा किए।

समारोह के अवसर पर आयोजित कवि गोष्ठी में संजय सरस, डॉ. सुरिन्दर कौर ‘नीलम’, सुनीता अग्रवाल, रेणु त्रिवेदी मिश्र, आत्मेश्वर झा, प्रतिभा सिंह, सूरज श्रीवास्तव, डॉ. अँजेश कुमार, डॉ. विनय कुमार पाण्डेय, रेणु झा ‘रेणुका’, रेणु बाला धार, राज रामगढ़ी, हिमकर श्याम, नेहाल हुसैन सरैयावी, प्रज्ञाकांत पाठक, विकास वर्द्धन, डॉ. निराला पाठक, पंकज सिंह, असीत कुमार, कृष्णा विश्वकर्मा ‘बादल’, डॉ. वैद्यनाथ मिश्र तथा बिनोद सिंह ‘गहरवार’ ने काव्य-पाठ कर श्री हनुमान सरावगी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह के अध्यक्ष ने सभी कवि-कवयित्रियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन मंच के संयुक्त सचिव डॉ. वैद्यनाथ मिश्र ने किया। इस अवसर पर कमलेश्वर प्रसाद, शिवचन्द्र प्रसाद, निरंजन कुमार श्रीवास्तव, संजय कुमार वर्मा सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।

मंच के उपाध्यक्ष असीत कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post